गुमला में दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या
गुमला : गुमला जिला के दो अलग-अलग गांव में शुक्रवार की रात दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
गुमला : गुमला जिला के दो अलग-अलग गांव में शुक्रवार की रात दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पहली घटना पालकोट थाना क्षेत्र डोंगा पहाड़ गांव के 35 वर्षीय रतिया मांझी की मठा बाजार टाड़ के समीप अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की भाभी ललिता देवी ने पुलिस को बताया कि मृतक शुक्रवार की सुबह मठा बाजार गांव गया था। शाम में घर नहीं पहुंचने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान सुबह में उसका शव बाजर टाड़ के समीप से बरामद हुआ। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। वहीं दूसरी घटना बीते शुक्रवार की देर रात गुमला थाना क्षेत्र के सांवरिया गांव में घटी। अज्ञात अपराधियों ने अपने घर में सो रही 60 वर्षीय महिला नौरी उराईन की भी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के संबंध में मृतक की पुत्री बिहिया उरांइन ने पुलिस को बताया कि उसकी मां घर में अकेली सोई हुई थी जबकि वे लोग गांव में ही एक शादी समारोह में गए थे। देर रात घर लौटे एवं अपने-अपने कमरे में सो गए। सुबह में अपनी मां का शव खाट पर पड़ा पाया। हत्या के कारणों की बाबत कोई भी जानकारी नहीं होने की बात कही। हालांकि मृतका की उम्र को देखते हुए घटना को डायन बिसाही से भी जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन मृतक की पुत्री के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ सामान्य हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।