तस्करों के हाथ लगे कीमती प्राचीन दुर्लभ सिक्के
गुमला : बसिया प्रखंड के बम्बियारी गांव से तस्करों के हाथों काफी मात्रा में प्राचीन काल के दुर्लभ सिक
गुमला : बसिया प्रखंड के बम्बियारी गांव से तस्करों के हाथों काफी मात्रा में प्राचीन काल के दुर्लभ सिक्के हाथ लगने की सूचना है। इसकी भनक लगते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। प्राचीन दुर्लभ सिक्के तस्करों के हाथ लगने की पुष्टि ग्रामीण सूत्रों द्वारा की गई है।
सूत्रों के अनुसार गांव के सुनील नामक व्यक्ति के घर में खुदाई कर तस्करों ने सिक्का हासिल किया है एवं इस दौरान कुछ सिक्के सुनील के हाथ भी लगे हैं। सूत्रों ने बताया कि सुनील गांव में रहता है एवं कुछ समय पहले उसके घर के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे। इसके बाद सुनील ने डाड़टोली के एक तांत्रिक से सदस्यों के बीमार होने का कारण जानना चाहा तो तांत्रिक द्वारा उसके घर में कुछ गड़ा होने एवं इस कारण लोगों के बीमार होने की बात बताई गई। इसके बाद सुनील ने यह बात अपने एक रिश्तेदार को बताई। रिश्तेदार द्वारा सुनील को खतरा बताते हुए चुप रहने को कहा गया। इसी दौरान नौ मार्च की रात कुछ वाहन से एक दर्जन हथियार बंद लोग सुनील के घर पहुंचे एवं उसके घर के फर्श खुदाई करने लगे। इस दौरान एक कमरे के फर्श से काफी मात्रा में इस्ट इंडिया कंपनी के समय के एवं प्राचीन सिक्का हाथ लगा। खुदाई के दौरान कुछ सिक्के तस्करों की नजर से बच गए एवं वे सिक्के सुनील के हाथ लगे।
इस बाबत पूछे जाने पर एसडीपीओ शिवेन्द्र ने बताया कि उन्हें भी इस तरह के प्राचीन सिक्के की खुदाई कर ले जाने की सुचना मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस अपने स्तर से इस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।