सामूहिक भागीदारी से होगा विकास
गुमला : भारत सरकार व यूनाइटेड नेशंस संयुक्त अभिसरण कार्यक्रम अंतर्गत राज्य का प्रथम आदर्श ग्राम परिय
गुमला : भारत सरकार व यूनाइटेड नेशंस संयुक्त अभिसरण कार्यक्रम अंतर्गत राज्य का प्रथम आदर्श ग्राम परियोजना के शुभारंभ की याद में शनिवार को प्रखंड के आदर्श ग्राम झरगांव में स्थापना जतरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि उपायुक्त गौरी शंकर ¨मज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के विकास के लिए सामूहिक भागीदारी का होना अत्यंत जरूरी है। गांव में काफी बदलाव आया था। लोगों के जीवन स्तर में काफी सुधार हुआ था। आपलोगों ने गांव को शराब मुक्त बनाया था। इसे बरकरार रखने की जरूरत है। पहले की तरह आपलोग फिर एक बार मिलकर काम करें और गांव को बेहतर बनाएं। मौके पर एसडीओ डॉ. नेहा अरोड़ा ने कहा कि महिलाएं चाहे तो समाज में व्यापक बदलाव ला सकती है। क्षेत्र के कई गांवों की महिलाओं ने नशा मुक्ति अभियान छेड़ा है। गांवों में इसका प्रभाव भी पड़ा है। ग्रामीणों को प्रशिक्षु आइएएस सूरज कुमार ने संबोधित करते हुए गांव को सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर काम करें तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। जिप सदस्य हंदु भगत ने ग्रामीण युवाओं से नशामुक्त होने की बात कही। उन्होंनें कहा कि इच्छा शक्ति से बड़े काम को भी आसानी से किया जा सकता है। ग्रामीणों को मुखिया विश्वनाथ उरांव, विनोद केरकेट्टा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। इससे पूर्व गांव पहुंचे अधिकारियों को पारंपरिक तरीके से नृत्य गान करते हुए मंच तक लाया गया। संबोधन के उपरांत अधिकारियों ने गांव में किए गए कार्यों का अवलोकन किया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे।