पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी भाजपा : ओम
गुमला : भाजपा की बैठक मंगलवार को परिसदन में हुई। बैठक में आगामी आठ सितंबर को रांची में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओम सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। गुमला के तीनों विधानसभा भाजपा की झोली में जाएगी। उन्होंने कहा कि आठ सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य, सांसद विधायक, पूर्व सांसद विधायक, जिला कार्य समिति सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश मोर्चा कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा व प्रकोष्ठों के जिला कार्यसमिति सदस्य, जिला मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल कार्यसमिति, मंडल के पूर्व अध्यक्ष, पंचायत संयोजक, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रमुख, उपप्रमुख, मुखिया, वार्ड पार्षद आदि शामिल होंगे। विधायक कमलेश उरांव ने कहा कि अपने प्रयास से रायडीह शंख नदी में दो पुल एवं चैनपुर प्रखंड में बुकमा व सिंहपुर जाने वाले पथ में मुख्यमंत्री सेतू योजना के तहत पुल स्वीकृत किया गया है। बैठक में अन्य कई बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश मंत्री भूपन साहु, जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, प्रदेश प्रभारी धनीनाथ साहु, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मिसीर कुजूर, भिखारी भगत, शिवशंकर उरांव, दिनेश्वर प्रसाद, ओम गोयल, अनूपचंद्र अधिकारी, सत्यनारायण पटेल, शकुंतला उरांव, कृष्णा कुशवाहा, राजेंद्र जायसवाल, अनिल गुप्ता, सुमित केसरी आदि उपस्थित थे।