झाविमो ने की चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा
गोड्डा : पांच सूत्री मांगों की पूर्ति के लिए झारखंड विकास मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इ
गोड्डा : पांच सूत्री मांगों की पूर्ति के लिए झारखंड विकास मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत मोर्चा से जुड़ी विभिन्न इकाई अलग-अलग दिन शहीद स्तंभ परिसर में धरना देगी तथा मांगों से संबंधित ज्ञापन डीसी को सौंपेगी। रविवार को सरकंडा स्थित जिला कार्यालय में हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। निर्दोष छात्रों पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया। प्रशासन लोगों के साथ भेदभाव कर रहा है। छात्रों ने जब सीएम का पुतला फूंका तो उसपर मुकदमा दर्ज करा दिया गया जबकि अन्य लोगों ने फूंका तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। कमजोर लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष धनंजय यादव ने कहा कि एक जुलाई को महिला मोर्चा, दो जुलाई को पोड़ैयाहाट प्रखंड के झाविमो कार्यकर्ताओं, तीन जुलाई को गोड्डा प्रखंड के झाविमो कार्यकर्ताओं व चार जुलाई को पूरे जिले के झाविमो कार्यकर्ताओं द्वारा धरना दिया जाएगा। अंतिम दिन के धरना में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय उपाध्यक्ष शबा अहमद, महिला मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष शोभा यादव, केके पोद्दार, रमेश राही सहित अन्य केंद्रीय नेता भाग लेंगे। बैठक में वेणु चौबे, फूल कुमारी, अब्दुल बहाव शम्स, दिलीप साह, अजय शर्मा, मनोज यादव, पप्पू मंडल, अमरेंद्र कुमार, नवल साह आदि मौजूद थे।
पांच प्रमुख मांगें
1. विधायक प्रदीप यादव को अविलंब रिहा किया जाए। झूठे मुकदमों की उच्चस्तरीय जांच हो।
2. पोड़ैयाहाट में ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों को अविलंब मुआवजा दिया जाए।
3. छात्रों पर दर्ज झूठा मुकदमा वापस लिया जाए।
4. छात्रों को पहले की तरह छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान किया जाए।
5. बिजली की बढ़ी हुई दर वापस ली जाए।