प्रखंड कर्मी से मारपीट, मामला दर्ज
गोड्डा : प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप सोमवार को आधा दर्जन स्थानीय युवकों ने प्रखंड के कंप्यूटर ऑपरे
गोड्डा : प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप सोमवार को आधा दर्जन स्थानीय युवकों ने प्रखंड के कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र यादव को मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महेंद्र के हल्ला करने के बाद जब तक प्रखंड कर्मी कार्यालय से बाहर आते सभी वहां से फरार हो गया। घायल महेंद्र को अन्य कर्मियों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ कंचन भुदोलिया एवं प्रमुख नीलम देवी अस्पताल पहुंची और घायल महेंद्र का हालचाल लिया।
घटना के संबंध में घायल कर्मी ने बताया कि प्रखंड कार्यालय के समीप कपड़ा बेच रहे फेरी वाले के साथ कुछ स्थानीय युवक द्वारा मारपीट की जा रही थी। फेरी वाला अपनी जान बचाने प्रखंड कार्यालय मे घुस गया। जहां सभी कर्मियों द्वारा दौड़ाने पर सभी युवक वहां से फरार हो गए। दोपहर लंच ब्रेक के समय जब कंप्यूटर ऑपरेटर नाश्ता करने स्थानीय दुकान पर पहुंचा तो वहां वही सब युवक बैठे थे। उसको देखते ही सभी युवकों ने उसपर हमला बोल दिया। उसके शोर मचाने के बाद जबतक कार्यालय कर्मी बाहर आते तबतक वे लोग फरार हो चुका था। बताया कि मारपीट करने वालों में दो युवकों को वह पहचानता है जिसमें एक का नाम विकास यादव और दूसरे का बउआ है। इधर मारपीट की घटना से आक्रोशित प्रखंड के सभी कर्मियों ने कार्य बंद कर दिया। सभी कर्मी आक्रोशित थे। इनका कहना है कि जबतक मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तबतक प्रखंड का कार्य ठप रहेगा। इधर बीडीओ कंचन भुदोलिया ने घटना की सूचना थाना को दी। साथ ही प्रखंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के लिए कुछ पुलिस बल की भी मांग की है।
इधर पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार राय ने बताया कि दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।