आंधी-पानी से जनजीवन पर ब्रेक
गोड्डा : सोमवार की दोपहर बाद प्रखंड में आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए।
गोड्डा : सोमवार की दोपहर बाद प्रखंड में आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। इस दौरान दुमका-गोड्डा मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। आंधी-बारिश से हरियारी के पास पेड़ गिरने से एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गया। इससे आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। दोपहर बाद आंधी-वर्षा के साथ हुई ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मुख्य सड़क के किनारे दर्जनों पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर गए। इसके कारण यातायात और बिजली पर बुरा असर पड़ा है। गोड्डा-दुमका-देवघर मुख्य पर पर दर्जनों वाहन घंटों फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भला हो आसपास के ग्रामीणों का जो जलावन की लकड़ी के लालच में आनन-फानन में जाम को हटाने में जुट गए। कड़ी मेहनत के बाद जाम को हटाया जा सकता है। इन दो घंटों में दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान कोई भी पदाधिकारी हालात का जायजा लेने नहीं पहुंचा था। गोड्डा-पोड़ैयाहाट मुख्य मार्ग पर गुनघासा, सुगाबथान, हरियारी, रकसा टोला आदि स्थानों पर पेड़ रोड पर गिरा हुआ था। इससे जाम कई स्थानों पर लगा हुआ था। इतना ही नहीं इन जगहों पर बिजली के तार और पोल भी टूटकर गिर गए है। आस पास के लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण बिजली बहाल होने में सप्ताह भर तक लग सकते है। इधर ओला वृष्टि के कारण खेत में लगी मक्का सहित दलहनी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।