सिंचाई की व्यवस्था करना प्राथमिकता : निशिकांत
गोड्डा : सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को बसंतराय प्रखंड के हिलावे-बरन के बीच बनने वाले पुल, गोड्डा
गोड्डा : सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को बसंतराय प्रखंड के हिलावे-बरन के बीच बनने वाले पुल, गोड्डा प्रखंड के भेडिया नदी पुल व मेहरमा प्रखंड के भल्लू-डहुआपुर सड़क निर्माण की आधारशिला रखी।
सांसद का काफिला सर्वप्रथम हिलावे -बरन पहुंचा। जहां 3 करोड़ 89 लाख रुपये से बनने वाले 93.5 मीटर लंबे पुल की आधारशिला रखी। सांसद ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने हल्दिया बांध, वरण हिलाबे पुल निर्माण का वादा किया था। आज दोनों धरातल पर दिखाई दे रहा है। बहुत जल्द समुद्राबांध का भी जीर्णोद्धार होगा। किसानों को सिंचाई का साधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
विधायक रघुनंदन मंडल ने कहा कि विकास कार्य अब धरातल पर दिखाई देगा। संचालन कर रहे राजेश झा ने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान के लिए समुद्राबांध का जीर्णोद्धार एवं नकचीरा नदी पर पुल बनाना आवश्यक है। इसके बाद सांसद ने वहां विशेष प्रमंडल की ओर से भेडि़या नदी पर तीन करोड़ की लागत से बनने वाली पुल की आधारशिला रखी।
मेहरमा : सासंद निशिकांत दुबे ने दो करोड़ 25 लाख की लागत से बनने वाली 4.6 किमी भल्लू डोभापुर सड़क जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ फीता काटकर किया। मौके पर सांसद ने कहा कि जिन लोगों ने सड़क पर घर बना रखा है, वे अपनी जमीन पर घर बनाएं। अगर सड़क में निजी जमीन गयी तो उन्होंने उचित मुआवजा मिलेगा। कहा कि यह आपकी सड़क है अगर बिचौलिया इसमें बाधक बनता है तो इसकी तुरंत सूचना दें।
मौके पर जिलाध्यक्ष राजीव मेहता, अरूण साह, श्याम सुंदर साह, प्रेमशंकर मिश्र, कौशल किशोर मिश्र, बब्लू आनंद, प्रभाष सिन्हा आदि मौजूद थे। संचालन राजीव कुमार मिश्र ने किया। बीडीओ राजीव कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी जनार्दन सिंह उपस्थित थे।