ट्रक लूटकांड में चार गिरफ्तार
बोआरीजोर/गोड्डा : 19 मार्च को गोड्डा और साहिबगंज के सीमा क्षेत्र पर पांच ट्रकों से हुई लूट की घटना क
बोआरीजोर/गोड्डा : 19 मार्च को गोड्डा और साहिबगंज के सीमा क्षेत्र पर पांच ट्रकों से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने में सफलता पाई है। पुलिस ने इस मामले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो मोबाइल फोन और व 20500 रुपये नगद भी बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्त में आए लूटेरों में रियाज अंसारी, मजबूल अंसारी साकिन जामुझरना, रफीक अंसारी बड़ा बोआरीजोर और गफार अंसारी मानिकपुर का रहनेवाला है। सभी बोआरीजोर थाना क्षेत्र के हैं। जबकि लूटकांड का मास्टरमाइंड भागने में सफल रहा है।
इस मामले के संबंध में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि जिला पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया की 19 मार्च की रात साहिबगंज की ओर से चाइना क्ले लोड कर पांच ट्रक बोआरीजोर के रास्ते दूसरे प्रदेश जा रहे थे। जिले की सीमा पर मोर्चा स्थान के पास अपराधियों ने सड़क को अवरुद्ध कर पांच ट्रकों से करीब 2.40 लाख नगद व मोबाइल फोन लूट लिया था। मामले को लेकर ट्रक चालक सी यादव के बयान पर बोआरीजोर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी। जांच के दौरान घटना को अंजाम देने में आधा दर्जन अपराधियों के संलिप्तता की बात सामने आयी। इसके बाद पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर चार को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी का अपराधिक रिकार्ड देखा जा रहा है। छापामारी अभियान में निरीक्षक एलके राम, थानेदार विनय कुमार मंडल, त्रिपुरारी मिश्रा समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी। एसपी ठाकुर ने टीम को सम्मानित करने की बात कही। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अजीत कुमार व ललमटिया के निरीक्षक लाल किशुन राम मौजूद थे।
बंद थी वाहनों की आवाजाही : लूटपाट की घटना के बाद से गोड्डा-साहिबगंज के रास्ते रात में वाहनों की आवाजाही बंद हो गयी थी। वाहन चालक रात में परिचालन से कतराते थे। इधर गिरफ्तारी के बाद से वाहनों की परिचालन की शुरू होने की संभावना है। गिरफ्तार एक आरोपी पूर्व में भी एक अपहरण के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस इनके संरक्षणदाता को भी खोज रही है।