लोगों को बांटने का काम कर रही भाजपा
गिरिडीह : मजबूती एवं विस्तार को लेकर झारखंड विकास मोर्चा की जिला कमेटी की बैठक बुधवार
गिरिडीह : मजबूती एवं विस्तार को लेकर झारखंड विकास मोर्चा की जिला कमेटी की बैठक बुधवार को अंबेदकर भवन में हुई। केंद्रीय महासचिव सह गिरिडीह जिला प्रभारी रमेश राही की उपस्थिति में इसपर चर्चा करते हुए इसकी सफलता को लेकर रणनीति भी बनाई गई। यहां पंचायत स्तर तक के अध्यक्षों एवं सचिवों से संगठन की जानकारी ली गयी एवं उनके कार्यों की समीक्षा की गई। प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति करने की योजना पर काम करने का निर्णय लिया गया। प्रभारी रमेश राही ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में जनता त्रस्त है। लोगों को भाजपा के शोषण से बचाने के लिए एकजुट किया जाएगा। इसके लिए संगठन को मजबूत करने एवं विस्तार करने के साथ ही लोगों को पार्टी से जोड़ना होगा। पूर्व विधायक सह केंद्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण स्वर्णकार ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में लोग बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए तरस रहे हैं। केंद्रीय सचिव सुरेश साव ने कहा कि भाजपा से त्रस्त लोग बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल को याद करने लगे हैं जिनके कार्यकाल में विकास का खाका तैयार कर कार्य किया जा रहा था। जिलाध्यक्ष महेश राम ने प्रखंड पदाधिकारियों से जनसमस्या को लेकर आंदोलन करने की नीति पर काम करने की बात कही। बैठक में प्रो. एचएन देव, चुन्नूकांत, नुनूलाल मरांडी, रजनी कौर, मीरा तिवारी, सत्यनारायण दास, अजय रंजन, सुमन सिन्हा, राजेश जायसवाल, टेको रविदास, श्रीराम यादव, किशुन यादव समेत कई लोग उपस्थित थे।