बाल विवाह की सूचना दें, होगी कार्रवाई
गिरिडीह: गावां प्रखंड कार्यालय के सभागार में जागो फाउंडेशन गिरिडीह एवं यूनिसेफ रांची के संयुक्त तत्व
गिरिडीह: गावां प्रखंड कार्यालय के सभागार में जागो फाउंडेशन गिरिडीह एवं यूनिसेफ रांची के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह की रोकथाम के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, बीडीओ सह बाल विवाह निषेध पदाधिकारी मोनी कुमारी व जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ उपस्थित थे। प्रमुख ने कहा कि प्रखंड में बाल विवाह एक गंभीर समस्या है। सरकारी स्तर पर बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, परंतु जानकारी के अभाव में लोग बेटी को पढ़ा लिखा नहीं पाते व कम उम्र में ही विवाह के बंधन में बांध देते हैं। इससे बालिकाओं का जीवन अंधकारमय हो जाता है। इस दिशा में ठोस पहल करने की आवश्यकता है। बीडीओ ने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए सरकारी व गैर सरकारी स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। इस दिशा में सभी जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों को आगे आना होगा। कहीं भी बाल विवाह होता है तो इसकी सूचना दें, कार्रवाई की जाएगी। बैद्यनाथ ने कहा कि बाल विवाह जिले की गंभीर समस्या है। हमारी संस्था यूनिसेफ के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। अब तक जिले के तीस गांवों को बाल विवाह मुक्त गांव बनाने में सफलता मिली है। कार्यक्रम को बीस सूत्री अध्यक्ष देवनंदन सिन्हा, मुखिया मकसूद आलम, राजकुमार यादव, ब्रह्मदेव शर्मा, सवेरा फाउंडेशन के किशोरी साव आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर नरेश यादव, प्रदीप कुमार, शंकर दास, सरिता देवी, रेणु देवी, रेखा देवी, सुजाता सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका उपस्थित थे।