ऑनलाइन होंगे गिरिडीह के सभी डाकघर
गिरिडीह : जिले के सभी डाकघर जल्द ऑनलाइन हो जाएंगे। देश में संचालित 1 लाख 55 हजार डाकघरों को ऑनलाइन
गिरिडीह : जिले के सभी डाकघर जल्द ऑनलाइन हो जाएंगे। देश में संचालित 1 लाख 55 हजार डाकघरों को ऑनलाइन कर एक नेटवर्क में लाने की योजना पर काम चल रहा है। जल्द ही सभी डाकघर ऑनलाइन हो जाएंगे। इसके लिए पोस्टल विभाग सीएसआइ (कोर सिस्टम इंट्रोड्यूस) एवं आरआइसीटी (रूरल इंफॉर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन टेक्नॉलोजी) पर काम कर रहा है। अगर दोनों योजनाओं को पूरा कर लिया गया तो डाकघर देश के सभी गांवों से तकनीकी रूप में भी जुड़ जाएंगे। उक्त बातें डाक विभाग के निदेशक भूपाल राम ने गुरुवार को कही। मौके पर गिरिडीह के डाक अधीक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।
डाक निदेशक ने कहा कि आरआइसीटी को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए दो हार्डवेयर विभाग द्वारा मंगाए गए हैं। एक सोलर पैनल एवं दूसरा हैंड एंड डिवाइस है। सोलर पैनल सौर ऊर्जा से संचालित होता है वहीं हैंड डिवाइस से नेटवर्क को एक-दूसरे से जोड़ने का काम लिया जाता है। इसे रांची एवं जमशेदपुर जिले में अगले सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा।
गिरिडीह और बोकारो जिला पीछे
गिरिडीह डाक मंडल के शहरी क्षेत्रों में संचालित तीन डाकघर गिरिडीह जिले के खड़गडीहा, बोकारो जिले के जारंगडीह कोलियरी एवं तेनुघाट डैम को आरआइसीटी के तहत ऑनलाइन नहीं किया जा सका है। इस मंडल के शहरी क्षेत्रों में कुल 39 डाकघर, उप डाकघर, शाखा डाकघर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 214 उप डाकघर एवं शाखा डाकघर हैं। इसमें गिरिडीह जिले के 163, बोकारो जिले के 65 एवं हजारीबाग जिले के चार को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में जीपीएस के माध्यम से काम किया जाना है। यहां नेटवर्क की समस्या नहीं होगी। एक सवाल के जबाव में कहा कि हमारे यहां पुराने नोट अभी लिए जा रहे हैं। नोटों की बदली नहीं हो रही है। डाकघरों के लिए पैसे की लेन-देन सीधे आरबीआइ से होती है। आरबीआइ के निर्देश पर राष्ट्रीयकृत बैंक एसबीआइ से बैंक ड्रॉफ्ट के माध्यम से पैसे का लेनदेन करते हैं। लेकिन बैंक में ही नगदी का अभाव है। ऐसे में उन्हें मांग के मुताबिक नगदी नहीं मिल पा रही है। जितनी राशि की मांग करते हैं, उसकी आधी राशि दी जाती है इसलिए उन्हें लोगों के साथ लेनदेन में परेशानी होना स्वाभाविक है। कहा कि डाक निरीक्षक उदय कुमार के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई है। फिलहाल उन्हें निलंबित कर दिया गया है।