गिरिडीह में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से चार लाख रुपये लूटे
पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ और डुमरी की सीमा पर स्थित संघरवा नदी के पास शुक्रवार शाम पांच बजे चार ल
पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ और डुमरी की सीमा पर स्थित संघरवा नदी के पास शुक्रवार शाम पांच बजे चार लुटेरों ने हथियार के बल पर बैंक ऑफ इंडिया ग्राहक सेवा केंद्र खुदिसार के संचालक विनोद कुमार वर्णवाल से लगभग चार लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया व गैस एजेंसी पीरटांड़ से राशि लेकर वह खुदिसार जा रहा था। इसी क्रम में संघरवा नदी के पास पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने हमला बोल दिया। अपराधियों ने पहले बाइक को धक्का मारा, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद पिस्तौल व चाकू दिखाते हुए रुपये भरा बैग छीन कर अपराधी कुम्हारलालो मोड़ की ओर भाग गए। इसकी सूचना मिलने के बाद पीरटांड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और पीड़ित से जानकारी ली।
थाना प्रभारी रुखसार अहमद ने बताया कि घटना स्थल जाकर जांच की है और पीड़ित से जानकारी ली। कहा कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि संघरवा नदी के पास अपराधियों का अड्डा बना हुआ है। दो माह पूर्व इसी जगह पर बदमाशों ने एक व्यक्ति की बाइक व बीस हजार रुपया छीन लिया था। करीब 5 वर्ष पूर्व यहीं एक पंचायत सेवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।