गांधी चिंतन पर निबंध प्रतियोगिता में मारी बाजी
गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय गांधी चिंतन एवं प्रयोग विषयक शिविर का समापन गुरुवार को
गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय गांधी चिंतन एवं प्रयोग विषयक शिविर का समापन गुरुवार को हुआ। इस दौरान भारत के गांव : गांधी के विचारों की दृष्टि में विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 11 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हीरालाल बेसरा प्रथम, आकाश शंकर द्वितीय जबकि पूजा पाठक एवं देवदीप सेनागुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। उन्हें प्राचार्य एआइ खान ने पुरस्कृत किया। शिविर में भाग ले रहे छात्र-छात्राओं को आयोजन समिति की ओर से प्रमाण पत्र दिया गया। वर्धा से आए भरत महोदय ने इंस्टीट्यूट ऑफ गांधीयन थॉट के उद्देश्यों के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. रामचंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर दिया। धनबाद के डॉ. एनके अम्बष्ट ने भी प्रतिभागियों की जिज्ञासा का समाधान किया। प्राचार्य डॉ. खान ने कहा कि गांधी दर्शन में जो सेवा और समर्पण का भाव है, उसको अंगीकार करने की जरूरत है। अतिथियों का स्वागत जॉनी रूफिना तिर्की, धन्यवाद ज्ञापन मुक्ता सिन्हा एवं संचालन डॉ. बलभद्र सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में बालेंदु शेखर त्रिपाठी, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. धनेश्वर रजक आदि का योगदान रहा।