जिलेभर में सील किए गए अवैध क्लिनिक
गिरिडीह : उपायुक्त उमाशंकर सिंह के निर्देश पर जिलेभर में गुरुवार को अवैध रूप से संचालित गैर लाइसेंसी
गिरिडीह : उपायुक्त उमाशंकर सिंह के निर्देश पर जिलेभर में गुरुवार को अवैध रूप से संचालित गैर लाइसेंसी क्लिनिकों पर प्रशासनिक गाज गिरी। जांच के दौरान कई क्लिनिकों को सील किया गया। यह तथ्य उजागर हुआ कि निजी क्लिनिकों में इलाज के नाम पर गरीबों के दोहन के साथ मानवता को तार-तार किया जा रहा है। कई क्लिनिकों में ऑपरेशन के औजार के साथ एक्सपायरी दवा भी जब्त की गई।
अलग-अलग टीम दिनभर छापेमारी और जांच में जुटी रही। दर्जनभर से अधिक क्लिनिकों को सील किया गया। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। दैनिक जागरण ने बीते 27 अगस्त के अंक में ही निजी क्लिनिकों में सेवा के नाम पर लालच के खेल को उजागर किया था। उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लिया और तीन अनुमंडलों में सघन छापेमारी कराई।
धनवार के कोड़ाडीह में छापेमारी के दौरान झड़प में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आरके मेहता का हाथ टूट गया। अन्य अधिकारियों के साथ क्लिनिक संचालकों और उनके गुर्गो की ओर से दुर्व्यवहार किया गया। जांच अभियान में सिविल सर्जन डॉ. एस सन्याल, एसडीओ रविशंकर विद्यार्थी सहित अन्य अधिकारी भी शामिल थे।
धनवार में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सर्वाधिक जर्जर है। वहां के रेफरल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर प्रशासनिक अमला को लोगों के आक्रोश का कोपभाजन भी बनना पड़ा। सिविल सर्जन ने लोगों को आश्वस्त किया कि रेफरल अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सक की तैनाती सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई। संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ उन्होंने विभागीय कार्रवाई की भी बात कही। एसडीपीओ मेहता ने बताया कि झड़प में उनका हाथ फ्रैक्चर हुआ। पुलिस दोषियों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है।
''निजी क्लिनिक के नाम पर चिकित्सकीय सेवा को बदनाम करने के अलावा गरीब मरीजों का दोहन करनेवालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान यह स्पष्ट हो चुका है कि कतिपय लोग चिकित्सा पेशा को न केवल बदनाम कर रहे हैं, बल्कि मानवता को भी शर्मसार कर रहे हैं। मरीजों की जान से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। गैर निबंधित सारे क्लिनिक बंद कराए जाएंगे। रिपोर्ट आने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- उमाश्ाकर सिंह, उपायुक्त, गिरिडीह