साईसेवा आश्रम में झांकी ने मोहा मन
गिरिडीह : शहर के बरमसिया स्थित साईसेवा आश्रम परिसर में नवनिर्मित द्वारिका माई मूर्ति का अनावरण गुरुव
गिरिडीह : शहर के बरमसिया स्थित साईसेवा आश्रम परिसर में नवनिर्मित द्वारिका माई मूर्ति का अनावरण गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उपविकास आयुक्त वीरेंद्र भूषण ने किया। द्वारिका माई में अवस्थित मूर्ति के अनावरण के बाद उसे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिया गया। डीडीसी भूषण ने कहा कि साईसेवा आश्रम शहर का प्रमुख दर्शनीय स्थल बनता जा रहा है। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जरूरत है।
इस दौरान शिरडी से आए कथावाचक अरविन्दजी ने कहा कि द्वारिका माई शिरडी के उस स्थान का नाम है जहां साई ने अपने 60 वर्ष बिताए। मंदिर परिसर में सूचना तकनीक के माध्यम से शिरडी के द्वारिका माई के लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था की गई है। डीडीसी ने इसका स्विच ऑन कर उद्घाटन किया।
साईसेवा आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान संगीतमय प्रवचन, भजन संकीर्तन, प्रभु लीला, शिव पार्वती, राधा कृष्ण आदि की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई। वृंदावन से आए कलाकारों ने इसमें अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में साईसेवा आश्रम के संस्थापक चंद्रकिरण रेड्डी ने कहा कि जनसहयोग से आश्रम का विकास किया जा रहा है। शुक्रवार को वहां कई मूर्तियों का अनावरण होगा, साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान होंगे।