ऑटो पलटा, पांच घायल
जमुआ (गिरिडीह) :प्रखंड अंतर्गत लताकी के पास शुक्रवार को ऑटो पलटने से उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप स
जमुआ (गिरिडीह) :प्रखंड अंतर्गत लताकी के पास शुक्रवार को ऑटो पलटने से उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक की लापरवाही के कारण ऑटो पलटने की बात कही गई। डेढ़ वर्ष का एक बालक भी इस घटना में जख्मी हुआ।
बताया गया कि बिरनी थाना क्षेत्र के पंडरमनिया निवासी प्रकाश राम के परिजन वैवाहिक मामले में ऑटो से बेंगाबाद क्षेत्र जा रहे थे। कुछ संबंधी मिर्जागंज में ऑटों पर सवार हुए। लताकी से नवडीहा जाने वाले मार्ग में कुछ दूर आगे ऑटो एक तीखे मोड़ पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो चालक की लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ।
तेज गति होने के कारण पलटने के बाद ऑटो तीन बार पलटा खाया। इससे उस पर सवार पंडरमनिया निवासी प्रकाश राम की पत्नी राजकुमारी देवी, मोहन राम का डेढ़ वर्षीय पुत्र मुन्ना, किशोरी राम की पत्नी बसंती देवी, मिर्जागंज निवासी संजय गुप्ता और उनकी पत्नी अनिता देवी जख्मी हुई। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ लाया गया। गंभीर रूप से घायल को गिरिडीह रेफर कर दिया गया।