भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन दें : रघुवर
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पदाधिकारियों को गांवों में जाने और भ्रष्टाचार
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पदाधिकारियों को गांवों में जाने और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को वीडियो संवाद के माध्यम से पदाधिकारियों से मुखातिब मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य में सुशासन स्थापित करने में सहयोग करें। इसमें किसी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएम के साथ मुख्य सचिव सहित सभी विभागों के सचिव मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने
मनरेगा, सर्व शिक्षा अभियान, मध्याह्न भोजन, विद्युत, स्वास्थ्य, जलापूर्ति आदि योजनाओं की समीक्षा की। विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। सीएम ने आपदा प्रबंधन खासकर पेयजल संकट पर विशेष जोर दिया। कहा कि जनता की शिकायत पर खराब चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराएं। साथ ही आवश्यकतानुसार नये चापाकल दें, ताकि गर्मी में जनता को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने पदाधिकारियों को भूमि बैंक बनाने का भी निर्देश दिया। कहा कि सरकारी जमीन को चिह्नित करते हुए उसे एकत्रित करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। वीडियो संवाद में में उपायुक्त उमा शंकर सिंह, उप विकास आयुक्त वीरेंद्र भूषण, डीआरडीए निदेशक एएन प्रसाद, डीपीओ डीके गौतम सहित सभी विभागों के प्रमुख शामिल थे।