बच्चों के साथ महिला ने खाया जहर
धनवार (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के डोरंडा में एक 26 वर्षीय महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत
धनवार (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के डोरंडा में एक 26 वर्षीय महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिसमें एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी, जबकि मां और एक पांच वर्षीय बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार डोरंडा के बड़की गली निवासी मो. फकीर मियां की पुत्री सायरा की शादी गांव में ही हुई थी। पति की मौत हो जाने के बाद वह मायके में मां के साथ रह रही थी। उसके परिवार के सभी पुरुष रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। बीती रात सायरा ने अपने दो पुत्र को खिलाने के बाद खुद जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। जहर के असर से तीनों की तबीयत खराब होने लगी तो मां ने ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीण तीनों को गिरिडीह इलाज के लिए ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। हजारीबाग में एक बच्चा साजिद की मौत हो गयी। वहीं स्थिति में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने महिला व उसके एक पुत्र को राची रेफर कर दिया। लोगों की मानें तो पति की मौत के बाद मायके में रहने के दौरान सायरा मानसिक रूप से विक्षिप्त जैसी हो गयी थी।