शिक्षा से ही सर्वागीण विकास संभव
गांडेय (गिरिडीह) : शिक्षा से ही मानव का विकास होता है इसलिए बच्चे उच्च सोच रखकर शिक्षा ग्रहण करें। ड
गांडेय (गिरिडीह) : शिक्षा से ही मानव का विकास होता है इसलिए बच्चे उच्च सोच रखकर शिक्षा ग्रहण करें। डॉक्टर इंजीनियर, शिक्षक बनकर देश की सेवा करें। गांडेय विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा ने प्रखंड के आदर्श उच्च विद्यालय बुधुडीह के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में ये बातें कहीं।
विधायक ने कहा कि जल्द ही उच्च विद्यालय इंटर स्तरीय महाविद्यालय बनेगा ताकि यहां की छात्र-छात्राओं को शिक्षा ग्रहण करने में सुविधा हो। यह विद्यालय इस क्षेत्र के बच्चों के लिए वरदान है। यहां मैट्रिक का रिजल्ट शतप्रतिशत हो रहा है। जिप अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि आज के दौर में इस सुदूर क्षेत्र में यह विद्यालय कई गांवों में शिक्षा का दीप जला रहा है। उन्होंने भी विद्यालय को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
प्रखंड प्रमुख अंजू देवी ने कहा कि यह विद्यालय इंटर स्तरीय जल्द हो ताकि छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में असुविधा न हो। विद्यालय के प्राचार्य रामप्रसाद मंडल ने मांग की कि इसे इंटर का दर्जा मिले। कहा कि विद्यालय पूर्ण रूप से सरकारी हो जाए तभी कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिल पाएगा।
कार्यक्रम में द्वारपहरी मध्य विद्यालय की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक झाकी प्रस्तुत की वहीं नन्हीं छोटी कुमारी ने नृत्य कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। मौके पर विद्यालय संस्थापक तारा प्रसाद वर्मा, बीडीओ कपिल कुमार, पंचायत प्रभारी अजय कुमार, शिवशकर राम, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, भाजपा नेता प्रवीण कुमार चौधरी, यदुनंदन पाठक, नुनूलाल मराडी, संदीप वर्मा, प्रमोद राम, महेंद्र वर्मा, भूषण वर्मा, अरुण हाजरा, छोटी प्रसाद वर्मा आदि ने संबोधित किया।