दुर्व्यवहार में झामुमो नेता गिरफ्तार
जमुआ (गिरिडीह) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार
जमुआ (गिरिडीह) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले कथित झामुमो नेता अक्षय अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ नर्स फिदिसिया कुजूर ने छेड़खानी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया था।
नर्स के अनुसार शुक्रवार रात आठ बजे के करीब अस्पताल में बंध्याकरण का आपरेशन चल रहा था। तभी अक्षय अग्रवाल प्रसव कक्ष में घुस आया और वहा कार्यरत एएनएम के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़खानी करने लगे। आरोपी ने अस्पताल में उपस्थित मरीजों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार दुबे ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी शाम में अस्पताल का निरीक्षण करने आए थे। उस समय आरोपी अस्पताल में ही था। एसडीओ के जाने के कुछ देर बाद आरोपी ने इस हरकत को अंजाम दिया।
इधर, आरोपी का कहना है कि उसे छेड़खानी के झूठे आरोप में फंसाया जा रहा है। शुक्रवार को बंध्याकरण आपरेशन के दौरान मरीजों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिलने पर एसडीओ से फोन पर शिकायत की थी। लगाया गया आरोप गलत है।