मधुबन में निकला वरघोडा, उमड़ी भीड़
मधुबन (गिरिडीह) : जैनियों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन में शनिवार को वरघोडा निकाला गया। यह वरघोडा रवि
मधुबन (गिरिडीह) : जैनियों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन में शनिवार को वरघोडा निकाला गया। यह वरघोडा रविवार को आहूत दीक्षा के निमित्त किया गया। वरघोडा के बाद तलेटी तीर्थ में कई धार्मिक विधियां पूरी की गई, जबकि रविवार को दीक्षा समेत कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बताया गया कि निहारिका से वरघोडा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गाजे-बाजे के साथ निकली यह यात्रा पूरे मधुबन का भ्रमण करती हुई तलेटी तीर्थ पहुंची। वहां पहुंचते ही धार्मिक क्रियाएं शुरू हो गई। रविवार को अमेरिका निवासी निशा कुमारी सांसारिक जीवन को त्यागकर साधु जीवन अपनाएंगी। यह दीक्षा आचार्य कीर्तियश सूरीश्वर जी महाराज के सान्निध्य में होगी।
मुमुक्षु निशाबेन ने दीक्षा की पूरी तैयारी कर ली हैं। दीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार होने की जरूरत है, क्योंकि साधु जीवन कष्टों से भरा होता है। यह एक ऐसा मार्ग है जिस पर चलना बहुत कठिन है। बताते हैं कि दीक्षा लेने को तैयार मुमुक्षु फैशन डिजायनर है। माता-पिता के संस्कार और आचार्य श्री के प्रवचन से प्रभावित होकर उनके मन में वैराग्य का भाव उत्पन्न हुआ। वरघोडा में न केवल भारत के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु आए, बल्कि न्यूयार्क, शिकागो आदि से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।