घायल व्यक्ति की मौत पर रोड जाम
गिरिडीह : तीन दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हुए नगर थाना क्षेत्र के मोहलीचुआं निवासी जागेश्वर साव
गिरिडीह : तीन दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हुए नगर थाना क्षेत्र के मोहलीचुआं निवासी जागेश्वर साव की मौत शनिवार को इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान रास्ते में हो गयी। उसकी मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर कुछ देर के लिए मोहलीचुआं के पास सड़क जाम कर दिया। बाद में नगर पर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव आदि ने आक्रोशितों को समझाते हुए तत्काल सड़क जाम हटवाया और आरोपी पक्ष से परिजनों को मुआवजा दिलाया।
बताया गया कि बुधवार की शाम को एक मोटरसाइकिल चालक ने जागेश्वर को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी कोलडीहा निवासी मो. अली के परिजनों ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और अपने खर्च पर इलाज शुरू कराया। इलाज के दौरान घायल की स्थिति नाजुक बताते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया, लेकिन घायल को धनबाद न ले जाकर एक नर्सिंग होम ले जाया गया।
घायल की स्थिति और बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गयी। घायल की मौत के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए। इसकी सूचना मिलने के बाद नप अध्यक्ष समेत अन्य प्रबुद्ध लोगों ने आरोपी के परिजनों के साथ बैठक कर पीड़ित पक्ष को मुआवजा दिलाया।