झारखंड को बनाएंगे स्मार्ट स्टेट
गिरिडीह : झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में डुमरी, हरलाडी
गिरिडीह : झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में डुमरी, हरलाडीह और देवरी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
डुमरी : केबी हाईस्कूल मैदान में पार्टी प्रत्याशी प्रदीप कुमार साहू के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि अगर राज्य में झाविमो की सरकार बनी तो इसे स्मार्ट स्टेट बनाएंगे। राज्य में आज बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, क्योंकि खरीद-फरोख्त से बनी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचारी और अपराधी पूरी तरह बेलगाम हो गए हैं। अब जरूरी है कि यहां स्वच्छ और स्थायी सरकार बने।
प्रत्याशी प्रदीप कुमार साहू ने कहा कि निवर्तमान एवं पूर्व विधायक के कार्यकाल में विकास की जगह ठेकेदारी, दबंगई, गुंडई, अफसरशाही और भ्रष्टाचार में ही वृद्धि हुई। इसे हम सबको मिलकर बदलना है। सभा को प्रमुख भोला साव ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष हराधन पंडित एवं संचालन गिरधारी साव ने किया। मौके पर फारूख अंसारी, शब्बीर अंसारी, मुखिया रूपानी देवी, पंसस भुनेश्वर तुरी आदि मौजूद थे।
मधुबन : पीरटांड़ के हरलाडीह में मरांडी ने कहा कि भ्रष्टाचार की बुनियाद पर बनी सरकार कभी सूबे में विकास नहीं कर सकती। अगर झारखंड का भविष्य संवारना चाहते हैं तो झाविमो की सरकार बनाएं। सरकार बनने के दो माह के भीतर ही सूबे का कायाकल्प हो जाएगा। अब तक जितनी भी सरकार बनी, सबने झारखंड को लूटने का काम किया। बाप-बेटे की सरकार ने तो नदी का बालू तक नहीं छोड़ा।
कहा कि भले ही मोदी सरकार लाख वायदा करे, लेकिन आमजन को कोई लाभ नहीं होनेवाला। इस दौरान मरांडी ने वादों की झड़ी भी लगाई। कहा कि झाविमो की सरकार बनते ही सूबे में सड़कों का जाल बिछ जाएगा। नदी-नालों पर पुल-पुलिया का निर्माण होगा। 90 दिन के अंदर टेट पास शिक्षकों की बहाली कर दी जाएगी। स्वास्थ्य, चिकित्सा, बिजली आदि क्षेत्रों में भी समुचित विकास किया जाएगा। सभा को पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी ने भी संबोधित किया। मौके पर अश्विनी कुमार, नियम खलीफा, मजिद अंसारी आदि मौजूद थे।
देवरी : थाना मोड़ पर पार्टी प्रत्याशी सत्यनारायण दास के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि आज झारखंड को बचाने की जरूरत है। झारखंड में आज कानून नाम की कोई चीज नहीं है। अंचल से लेकर सचिवालय तक बिना पैसा लिए कोई काम नहीं हो रहा। प्रत्याशी सत्यनारायण दास ने कहा कि 14 दिसंबर को सभी वोट देकर अपनी पांच साल की तकदीर लिखें। सभा की अध्यक्षता मुजाहिद अंसारी एवं संचालन अनिल चौधरी ने किया। मौके पर प्रवण वर्मा, भानु शर्मा, बमशंकर उपाध्याय आदि मौजूद थे।