निमियाघाट के इसरी बाजार में भीषण डकैती
डुमरी (गिरिडीह) : निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार निवासी एक स्कूल संचालिका सहित उनके तीन किराएद
डुमरी (गिरिडीह) : निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार निवासी एक स्कूल संचालिका सहित उनके तीन किराएदारों के घर में मंगलवार की रात भीषण डकैत हुई। डकैत 60,400 नगद सहित करीब पांच लाख की संपत्ति लूट ले गए। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एक व्यक्ति की पिटाई भी कर दी, जिससे वह घायल हो गया। उसका इलाज रेफरल अस्पताल डुमरी में किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बताया गया कि मंगलवार की रात करीब 2 बजे एक निजी स्कूल की संचालिका सुनीता वर्णवाल शौच के लिए अपने घर से बाहर निकली। इसी बीच डकैतों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया और घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद जेवर सहित 8 हजार रुपया नगद लूट लिए।
अपराधियों ने महिला के माध्यम से ही किरायेदार संजीत चेतानी का घर खुलवाया। वहां से बारह हजार रुपया नगद के अलावा दो मोबाइल समेत करीब एक लाख के जेवरात लूट लिए। फिर डकैतों ने दूसरी किरायेदार उषा देवी का घर खुलवाया। वहा से चार सौ रुपया नगद, एटीएम कार्ड, एक चांदी की चेन लूट ली। अंत में तीसरे किरायेदार अरुण वर्णवाल का घर खुलवाकर करीब 40 हजार रुपया नगद और तीन लाख रुपये के जेवरात लूटकर चलते बने। भागने के दौरान उनलोगों ने सभी घरों में बाहर से ताला लगा दिया।
पीड़ितों ने बताया कि अपराधी दस-बारह की संख्या में थे। सभी करीब 30-35 साल के थे। सभी का मुंह ढका हुआ था। सभी हथियार से लैस थे और स्थानीय भाषा एवं हिन्दी में बात कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और पीडि़त परिवारों से घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है।
बता दें कि निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार और रागामाटी में गत डेढ़-दो माह के अंदर डकैती की कई घटना को अंजाम दिया जा चुका है, जबकि इसरी बाजार में कुछ लोग रात में पहरेदारी भी करते हैं। पुलिस भी रात्रि में गश्ती करने का दावा करती है। इसके बावजूद डकैती की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पर रहा है।