नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ शुरू
गिरिडीह : लोकआस्था का महापर्व छठ सोमवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही सूर्योपासना के इ
गिरिडीह : लोकआस्था का महापर्व छठ सोमवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही सूर्योपासना के इस महापर्व को लेकर छठ व्रतियों की ओर से विशेष तैयारी शुरू कर दी गई। सोमवार को पास के सरोवर और नदियों में स्नान-ध्यान कर व्रतियों ने नहाय-खाय की रस्म पूरी की।
शहर के प्रमुख छठ घाटों और मुख्य बाजारों में पर्व की रौनक देखी जा सकती है। तोरणद्वार और कृत्रिम प्रकाश से शहर के अर्घ्य स्थल के मार्ग सहित संपर्क रोड भी जगमगा रहे हैं। साफ-सफाई और पवित्रता को लेकर कोई कसर नहीं छूटे, इसका भी भरपूर ख्याल रखा जा रहा है। शहर की अमूमन सभी पूजा समितियों की ओर से बीते एक सप्ताह से युद्धस्तर पर स्वच्छता अभियान छेड़ा गया है। साज-सज्जा को लेकर भी कमेटियों की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
मंगलवार को खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों की ओर से छठ मइया और भगवान भास्कर की आराधना कर अनुष्ठान किया जाएगा। नहाय-खाय के दौरान घरों में पवित्रता का विशेष ख्याल रखा गया। सूप-डाला और पीतल के बर्तनों की शुद्धता को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई।
शहर के बाजार भी गुलजार रहे। फलों और सब्जियों की खरीदारी जमकर हुई। शहर के छठ घाटों पर तैयारी का जायजा लेने सोमवार को नप अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष राकेश मोदी, कार्यपालक पदाधिकारी श्रवण कुमार, सहायक अभियंता कौशलेश यादव सहित अन्य अधिकारियों की ओर से दौरा किया गया। ज्यादातर घाटों पर सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रविवार को उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी की ओर से घाटों का निरीक्षण किया गया था।
वार्ड नंबर सोलह की पार्षद नीलम झा ने सोमवार को अरगाघाट, शक्तिघाट और चिरैया घाट जानेवाले मार्गो की सफाई कराई। नप से बॉबकट मशीन मंगवाकर नीलम ने गलियों से कचरा उठवाया। रात में भी नपकर्मी सफाई में जुटे रहे। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की वे कम से कम छठ के मद्देनजर गलियों और घाटों को गंदा न करें।