पुलिस ने हॉकर को पीटा, जाम
गिरिडीह : दुर्गा पूजा बाजार में बड़ा चौक पर यातायात दुरुस्त कराने के क्रम में सोमवार शाम पुलिस ने एक
गिरिडीह : दुर्गा पूजा बाजार में बड़ा चौक पर यातायात दुरुस्त कराने के क्रम में सोमवार शाम पुलिस ने एक आइसक्रीम हॉकर की पिटाई कर दी। कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित लोगों ने लगभग एक घंटे मुख्य सड़क जाम किया। नप प्रतिनिधियों की पहल से मामला शांत हुआ। घायल आइसक्रीम हॉकर मो नसीम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शाम को बड़ा चौक में ट्रैफिक के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी। रोड क्लीयर करा रही पुलिस ने एक आइसक्रीम हॉकर पर बल प्रयोग कर दिया, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध करते हुए मुख्य रोड को जाम कर दिया।
जाम की सूचना मिलने के बाद बड़ा चौक छावनी में तब्दील हो गया। जिला पुलिस बल के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स और महिला पुलिस बल की टुकड़ी को उतारना पड़ा। सूचना पाकर नप अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष राकेश मोदी व स्थानीय लोग नगर इंस्पेक्टर अवध बिहारी पांडेय मौके पर पहुंचे और वार्ता कर किसी तरह मामले को शांत कराया। घायल हाकर को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के खिलाफ वहां नारेबाजी हुई। हालांकि थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस यातायात दुरुस्त करने में लगी थी, इस बीच पुलिस की कार्रवाई का विरोध होने लगा। जवानों को विवश होकर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा अन्यथा स्थिति बहुत बिगड़ जाती। हॉकर का इलाज पुलिस करवा रही है।