पंचायत सचिवों ने की भूख हड़ताल
जासं, गिरिडीह : छह सूत्री मांगों को ले झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर बुधवार को जिले के पंचायत सचिव समाहरणालय परिसर में सामूहिक भूख हड़ताल पर बैठे।
मौके पर आहूत सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव रूपलाल महतो ने कहा कि सरकार समझौता तो करती है, लेकिन उसे लागू नहीं करती है, यह दुर्भाग्य की बात है। छह सूत्री मांगों को लेकर गत 3 सितंबर को मुख्यमंत्री के समक्ष रोषपूर्ण प्रदर्शन किया गया, जबकि 4 सितंबर को रांची में भूख हड़ताल कार्यक्रम को सफल बनाया गया, लेकिन सरकार के स्तर से इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं की गयी। अगर मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाना बाध्यता होगी।
महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह नयन ने कहा कि छह सूत्री मांग जायज है। जायज मांगों को नजरअंदाज करना पंचायत सचिव को आक्रोशित करेगा। इस दौरान राज्य सरकार को संबोधित उपायुक्त को छह सूत्री मांगपत्र सौंपा गया, जिसमें पंचायत सचिवों ने बिहार की भांति एसीपी का लाभ दिनांक 12.7.10 तक देने, नियमावली का गठन कर बैकलॉग के आधार पर 130 खाली प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के पदों पर पंचायत सचिवों को प्रोन्नति देकर बहाली करने, प्रत्येक पंचायत में पंचायत सचिव की नियुक्ति करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। सभा को तैयब अंसारी, झरी राय, दिनेश्वर कुमार हाजरा, अशोक गोप, शोभा महतो, नुनूलाल रविदास, चेतलाल वर्मा, इंद्रजीत महतो, सुनील पांडेय, रामेश्वर महतो आदि ने संबोधित किया।