आज चढ़ेगा निर्वाण लड्डू, उमड़ी भीड़
मधुबन (गिरिडीह) : जैनियों के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पारसनाथ पर्वत के सर्वोच्च टोंक पार्श्वनाथ मंदिर में रविवार को निर्वाण लड्डू चढ़ाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मधुबन पूरी तरह से सज धज कर तैयार है। पर्वत स्थित मंदिर में भी तैयारी पूरी कर ली गई है। लड्डू चढ़ाने के लिए लोगों का आने शुरु हो गया है।
बताया जाता है कि जैन धर्म के 23 वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष दिवस के अवसर पर श्रद्धालु निर्वाण लड्डू अर्पित करते हैं। दिगंबर समुदाय के मुताबिक भगवान पार्श्वनाथ श्रावण सप्तमी के दिन मोक्ष को प्राप्त किए थे। वहीं अष्टमी के दिन श्वेतांबर समुदाय के लोग लड्डू चढ़ाते हुए पूजा अर्चना करते हैं। महोत्सव को ले पूरे मधुबन मुख्य मार्ग को बेहतर तरीके से सजाया संवारा गया है। जगह-जगह तोरण द्वार लगाए गए हैं। वहीं लाइट की भी व्यवस्था की गयी है। ताकि पहाड़ चढ़ने वाले को मधुबन मुख्य मार्ग में अंधेरा का सामना न करना पड़े। जहां एक ओर मधुबन में श्रावण सप्तमी को ले व्यापक तैयारी की गई है, वहीं पर्वत स्थित पार्श्वनाथ टोंक को भी तैयार कर लिया गया है। हर एक यात्री सहजता से क्रमबद्ध होकर लड्डू अर्पित कर सके, इसकी व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ चिकित्सा व भोजन को भी ले शिविर लगाया जाना है।
बताया जाता है कि रात दस-ग्यारह बजे से ही तीर्थयात्रियों का काफिला पर्वत चढ़ना शुरू कर देता है। लिहाजा मंदिर में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ता है। खबर लिखे जाने तक मधुबन में लगभग सात हजार तीर्थयात्री पहुंच चुके थे जबकि और यात्रियों का आगमन जारी था।
पारसनाथ स्टेशन से मधुबन के बीच तीर्थयात्रियों का ताता लगा रहा। मधुबन में दर्जनों यात्रियों को कमरे के लिए विभिन्न संस्थाओं में भटकते देखा गया।