कांवरिया बस पलटी, दो दर्जन यात्री घायल
देवरी (गिरिडीह) : देवघर बाबाधाम से लौट रहे गोरखपुर के कांवरिया यात्रियों की बस पलटने से करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना रविवार सुबह जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग में देवरी थाना क्षेत्र के रानीपोखर के पास घटी।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला के चिलुवाताल थाना क्षेत्र के हमीपुर गांव के कांवरिया यात्री बाबाधाम से पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में उक्त स्थान के पास कृष्णा नामक बस (यूपीटी-5656) पलट गई। इससे बस में सवार सुनीता सहानी, वीरेंद्र सहानी, मुरारी निषाद, धर्मेद्र निषाद, रामफल निषाद, सिकंदर निषाद, हरीशचंद्र निषाद, जयंती निषाद, अमरवती देवी, रामप्रवेश सहानी, परदेशी निषाद, चंद्रमा देवी, महेश निषाद, सोनमती देवी, श्रीराम निषाद, गुडिया देवी समेत गोरखपुर जिला के ही कैंट थाना अंतर्गत गोपालपुर गांव निवासी रामवती देवी घायल हो गए। कुछ घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र एवं कुछ का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं की मदद की। घायलों का इलाज कराने में भी पुलिस ने सहयोग किया। घायल वीरेंद्र सहानी को गंभीर चोट लगने की बात कही गई। बताया जाता है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण यह दुर्घटना हुई।