भाई की जान लेने वाला गिरफ्तार
बिरनी (गिरिडीह) : भाई के हमले में बुरी तरह घायल बेलना निवासी विशेश्वर यादव ने इलाज के क्रम में गुरुवार को दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ललिता देवी के बयान पर पुलिस ने देवर रामसहाय यादव व देवरानी चिन्ता देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी देवर को घर दबोचा। जबकि उसकी आरोपी पत्नी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को बालेश्वर यादव व रामसहाय यादव के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हुई। मंझले भाई विशेश्वर यादव ने बीच बचाव का प्रयास किया। इससे नाराज रामसहाय यादव व पत्नी चिन्ता देवी ने विशेश्वर के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल को बिरनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भगवान महावीर मेडिका सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रांची रेफर कर दिया। गुरुवार रात इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है। वह घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गिरफ्तार रामसहाय यादव ने हत्या की बात स्वीकारते हुए कहा कि उससे बड़ी गलती हो गयी। थाना प्रभारी ने बताया कि 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।