अगलगी में लाखों की संपत्ति राख
संवाद सूत्र, बगोदर (गिरिडीह) : बगोदर थाना क्षेत्र के अटकाडीह बस्ती में मंगलवार को तीन घर में आग लग गयी। इस घटना में तीनों घर सहित उसमें रखी लगभग 5 लाख की सम्पत्ति जलकर राख हो गयी। ग्रामीणों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बाद में दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंच गयी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद बगोदर पुलिस भी घटनास्थल पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार बस्ती निवासी विनोद प्रसाद, विकलांग पप्लू प्रसाद और महेन्द्र प्रसाद के खपरैल घरों में आग लग गयी। बताया जाता है कि समय रहते आग काबू में नहीं आती तो आसपास के घरों में भी आग लगने की संभावना थी। भुक्तभोगियों ने बताया कि घटना में घरों में रखे चावल, मकई, महुआ, कपड़े, बर्तन जलकर राख हो गए। वहीं चादी के आभूषण भी अफरा-तफरी में गुम हो गया। भुक्तभोगियों के अनुसार इस घटना में लगभग 5 लाख की सम्पत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों के बारे में बताया गया कि घर के पीछे पड़ोसी के द्वारा कूड़े के ढ़ेर में आग लगायी गई थी। संभवत: उसी की चिंगारी से घरों में आग लगी। मौके पर पहुंचे जिप सदस्य सह भाजपा नेता शत्रुघ्न मंडल ने मोबाइल से प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और भुक्तभोगियों के बीच अनाज मुहैया कराने और इंदिरा आवास की स्वीकृति देने की मांग की।