गोली मार युवक को किया घायल
संवाद सूत्र, बिरनी, (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के द्वारपहरी निवासी जमुना साव को सोमवार रात लगभग 11 बजे अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक की पत्नी गुड़िया देवी व भतीजा पिंटू साव ने बताया कि रात को बुड़ियाटाड़ से यज्ञ सुनकर अपनी कार डब्ल्यूबी 02 भी 3331 से घर आ रहे थे। घर के पास गाड़ी से उतरते ही किसी ने गोली चला दी। गोली पति की दाएं हाथ में लगी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। इस संबंध में बिरनी थाना प्रभारी राणा प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। घटना घटी है तो फर्द बयान आने के बाद प्राथमिकी दर्ज होगी।
इधर सदर अस्पताल में इलाजरत घायल जमुना एकदम अलग बयान दिया है। उसने बताया कि वह सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे अपनी फर्नीचर की दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी गांव के ही कुछ लोग उसे घेर कर हत्या करने की नीयत से उस पर गोली चला दी। बताया कि गोली उसके बांह को भेदते हुए निकल गयी। जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए भागने पर उस पर तीन गोली चलाई गयी थी। किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। उसने कहा कि उसके चचेरा भाई उमाशंकर साव उर्फ मंगरू से गांव के ही कुछ लोगों की पुरानी रंजिश चल रही है। चचेरा भाई का साथ देने के कारण उस पर जानलेवा हमला किया गया है। घायल ने बताया कि सीताराम साव के कहने पर पंकज कुमार साव ने उस पर गोली चलाई जबकि हमलावरों के साथ उमेश साव उर्फ बुलेट, राधे साव आदि भी थे।