दहेज के लिए महिला की हत्या
संवाद सहयोगी, बेंगाबाद (गिरिडीह) : नवडीहा ओपी क्षेत्र के बोरोटांड़ गोविंदडीह गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी। शादी के दस माह बाद ही ससुरालवालों और अन्य परिजनों ने उसका गला दबा कर हत्या की इस घटना को अंजाम दिया है। पति समेत सभी आरोपी फरार है। दस माह पूर्व बरमसिया निवासी मिठू महतो के पुत्र राजेश वर्मा ने मलीडीह की अमृत महतो की पुत्री फुला कुमारी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों राजेश के मामा घर बोरोटांड़ गोविंदडीह में रहने लगे थे। मृतका की मा द्रोपदी देवी के अनुसार शादी के बाद सब कुछ ठीकठाक था। प्रेम विवाह होने के बाद भी सामर्थ्य के अनुसार सामान दिया गया था। लेकिन पिछले कुछ माह से ससुराल वाले दहेज को ले बेटी को प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से प्रताड़ना काफी बढ़ गयी थी। मंगलवार रात नौ बजे बेटी और दामाद से बात हुई थी, जिसमें दामाद ने एक लाख रुपया की पुन: मांग की थी और नहीं देने पर बुरा अंजाम होने की बात कही थी। उन्होंने पति राजेश वर्मा, ससुर मिठु महतो, सास मलवा देवी, मामा ससुर एतवारी महतो, राम प्रसाद कुशवाहा, मामी सास तारा देवी और सुमीत्रा देवी पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
इधर पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सात लोगों पर प्राथमिकी को लेकर आवेदन मिला है। सभी अभियुक्त फरार चल रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।