गढ़वा में गला काटकर वृद्ध की हत्या
रमना : थाना क्षेत्र के सिलिदाग गांव स्थित पासीटोला निवासी 60 वर्षीय माणिकचंद बैठा की हत्या शुक्रवार
रमना : थाना क्षेत्र के सिलिदाग गांव स्थित पासीटोला निवासी 60 वर्षीय माणिकचंद बैठा की हत्या शुक्रवार की रात्रि तेजधार हथियार से गला काटकर कर दी गई है। सूचना पाकर थाना प्रभारी धनंजय कुमार प्रजापति ने रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात्रि करीब साढ़े छह बजे अपने घर में माणिकचंद बैठा और उनकी पत्नी विफनी देवी अकेले थे। विफनी देवी रसोईघर में खाना बनाने की तैयारी में लगी थी। जबकि माणिकचंद बैठा बरामदा में रखी चौकी पर बैठा था। इसी बीच अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर माणिक की हत्या घटनास्थल पर ही कर दी। घटना के बाद कुछ लोगों को घर से भागने की आवाज सुनकर विफनी बरामदे में पहुंची। वहां खून से सने माणिक का शव पड़ा मिला। घटना के बाद से लोग चुप्पी साधे बैठे हैं। इस बारे में कोई कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। हालांकि लोग दबी जुबान घटना के पीछे ओझा गुणी का मामला बता रहे हैं।
शाम ढलते माणिकचंद की हत्या के बाद पत्नी विफनी देवी द्वारा लगातार गुहार करने के बाद भी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। शायद गुहार के बाद ही लोग घटनास्थल पर पहुंचते तो अपराधी भागने में सफल नहीं होते।