कर्मियों ने फूंका सीएम का पुतला
गढ़वा : रांची में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे एनआरएचएम कर्मियों पर लाठीचार्ज किए जाने
गढ़वा : रांची में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे एनआरएचएम कर्मियों पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में शनिवार को गढ़वा में एनआरएचएम कर्मियों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कर्मी सदर अस्पताल परिसर से जुलूस की शक्ल में निकले तथा सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए रंका मोड़ पर पहुंचे। जहां पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया। पुतला दहन के बाद नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने कहा कि सरकार एनआरएचएम कर्मियों के साथ न्याय नहीं कर रही है। समझौते के बावजूद वादा पूरा नहीं किया गया। शांति पूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मियों पर लाठी चार्ज किया जाना कहीं से भी जायज नहीं है।
मौके पर एनआरएचएम कर्मी संघ, गढ़वा के आशुतोष मिश्रा, विनय कुमार, उमेश कुमार, सुधांशू कुमार, सहिया संघ की जिलाध्यक्ष संयोगिता देवी, प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में एनआरएचएम कर्मी उपस्थित थे।
मझिआंव में भी फूंका सीएम का पुतला
मझिआंव : रेफरल अस्पताल परिसर में शनिवार को प्रख्रंडस्तरीय सहिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मधु देवी की अध्यक्षता में एनआरएचएम कर्मियों ने मांगों के समर्थन में कर्मियों पर रांची में लाठी चार्ज किये जाने के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। कर्मियों ने कहा कि लाठी चार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सामूहिक रूप से हड़ताल पर चले जाएंगे। मौके पर अस्पताल प्रबंधक अनिश कुमार वर्मा, मुकेश कुमार ठाकुर, प्रबोध सिंह, परशुराम पुष्पा देवी, सुमित्रा देवी, सरिता देवी, पुनिता देवी, पूनम देवी, गायत्री देवी, सविता देवी, सुनीता देवी आदि कर्मी उपस्थित थे।