हल-बैल के साथ किया प्रदर्शन
मेराल : भारतीय किसान संघ मेराल प्रखंड इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को किसानों की समस्या संबंधित 14 सूत्री मांगों को लेकर विशाल रैली निकाली गई तथा प्रखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। प्रखंड के दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों महिला पुरुषों ने हल-बैल, हसुआ, कुदाल तथा सूखी फसल के पौधे के साथ हाई स्कूल से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक रैली निकाली।
प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष डा. विनोद द्विवेदी ने कहा कि हेमंत सरकार के रवैया पलामू प्रमंडल के किसानों के प्रति भेदभावपूर्ण है। साथ ही उन्होंने इस क्षेत्र को अकाल क्षेत्र घोषित कर किसानों के लिए राहत कार्य चलाने की मांग की। गौरीशंकर तिवारी ने कहा कि दूसरों का पेट भरने वाला किसान सरकार की उपेक्षित रवैये के कारण भूखे मरने को विवश हैं। भाजपा नेता अलखनाथ पांडेय ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार तथा स्थानीय प्रशासन से यथाशीघ्र राहत कार्य चलाने की मांग की है। प्रखंड अध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार तथा स्थानीय प्रशासन पर भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम को बालमिकी चौबे, जुगल किशोर साथी, गोपाल राम, ब्रह्मदेव प्रसाद, लखन तिवारी, रामप्रसाद राम, रामराज ठाकुर, कृष्णा कुशवाहा, सिराज अहमद, वृजनंदन प्रसाद आदि ने भी किसानों की समस्याओं के समर्थन में अपने-अपने विचार व्यक्त किये। इस दौरान किसानों द्वारा बीडीओ की अनुपस्थिति में बीसीओ संजय कुमार शुक्ला को 14 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। इसमें प्रखंड के अंदर खराब सभी ट्रांसफार्मर को अविलंब बदलने, किसानों का कृषि ऋण माफ करने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने, 2011 से 14 तक के फसल बीमा का भुगतान करने, सिंचाई हेतु कुंआ एवं पंप सेट उपलब्ध कराने, 5 लाख का दुर्घटना बीमा कराने, सीएनटी अधिनियम में संशोधन करने, वैकल्पिक खेती के लिए खाद-बीज उपलब्ध कराने आदि मांगें शामिल हैं।