सुरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध खनन जोरों पर
रमना : रमना वन क्षेत्र के अधिसूचित और सुरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध खनन जोरों पर हो रहा है। इससे वन विभाग और पर्यावरण को काफी क्षति पहुंच रहा है। स्थिति यह है कि क्षेत्रों में कथा कथित सफेदपोशों के संरक्षण में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक टै्रक्टर और हाईवा से पत्थर, मोरम, मिंट्टी, भरेट का परिवहन जारी है। अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे पत्थर, भरेट, मोरम को प्रखंड में चल रहे विभिन्न सरकारी योजनाओं सहित एनएच-75 के निर्माण में भेजा जा रहा है। ऐसा भी नहीं है कि अवैध खनन व पातन की जानकारी वन विभाग, खनन विभाग और स्थानीय पुलिस को नहीं है, लेकिन इनकी चुप्पी रहस्यमयी बनी हुई है। बताया जाता है कि रमना वन क्षेत्र के अधीन सपही, बजनवा, बहियार कला, बहियार खूर्द, जीरूआ, मरदाहा, वनखेता, बखिलापाट, करीयाही, खरदाहा व बुल्का के पश्चिमी जंगलों में बडे़ पैमाने पर बेरोकटोक खनन और पातन का काम जारी है। इस कारण कई जंगलों और पहाड़ों का अस्तित्व खतरे में है।
जंगल में बना डपिंग यार्ड
रमना थाना क्षेत्र के दक्षिण के जंगलों में खरदाहा, अतियारी और बसिला के जंगलों से खनन किए गए पत्थरों को खरदाह अतियारी मार्ग पर डंप किया गया है। जहां से टै्रक्टर और हाईवा से पत्थरों को सरकारी योजनाओं में भेजी जा रही है।
एनएच-75 में लग रहा अवैध पत्थर
वन भूमि से तोड़े जा रहे पत्थर, भरेट, मोरम-मिंट्टी का उपयोग एनएच 75 में किया जा रहा है। जबकि सरकार की ओर से संवेदक को रमना के लामी पहाड़ी में लीज दिया गया है।
राजस्व को लग रहा चूना
वन भूमि से खनन किये जा रहे वन संपदा को अवैध से वैध बनाकर वन विभाग और खनन विभाग को चूना लगाया जा रहा है। परिवहन में लगे वाहन चालकों को लामी पहाड़ी से खनन विभाग का पंट्टा भी दे दिया गया है।
सुरक्षा समिति निष्क्रिय
जंगलों और पहाड़ों को सुरक्षित रखने के लिए गांवों में बना वन सुरक्षा समिति निष्क्रिय हो चुका है।
-----------
- अभी तो मुख्यालय से बाहर हूं। जंगलों में अवैध खनन होने की सूचना नहीं है। अगर ऐसा हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। : नरेश कुमार, वनपाल, रमना।
-वन भूमि पर अवैध खनन व पातन करना अपराध है। इस तरह के कार्य हो रहा है तो जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई करूंगा। : सचिदानंद महतो, बीडीओ रमना।
-अवैध खनन कानून अपराध है। लीज एरिया के बाहर खनन करने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी। : भगवान चौबे, थाना प्रभारी, रमना।
-अवैध खनन होने की सूचना मिली है। अवैध खनन में वन विभाग संलिप्तता की चर्चा है। इसके लिए वन विभाग के साथ उच्चाधिकारियों को सूचना देंगे। : शारदा देवी, मुखिया गम्हरिया पंचायत।
-वन क्षेत्र से अवैध खनन होने की सूचना मिली है। अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाएगा। : अनिता देवी, मुखिया, बुल्का पंचायत।