सपा व कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े
सगमा : सगमा बाजार में गुरुवार की शाम समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हुई और लाठी डंडे भी निकाले गए। दरअसल सगमा बाजार में समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस पार्टी द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। शाम चार बजे से कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसमें विधायक अनंत प्रताप देव भी शामिल थे। लगभग पांच बजे अचानक सपा कार्यकर्ता केपी यादव के नेतृत्व में वहां पहुंचे तथा 5 बजे से उनका कार्यक्रम होने की बात कहकर कांग्रेस नेताओं को वहां से हटने की बात कहने लगे। मगर कांग्रेस नेताओं ने उनकी बात को नजर अंदाज कर अपना कार्यक्रम जारी रखा। इससे गुस्साए सपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी द्वारा रखे गए जेनरेटर को बंद कर दिया तथा तार खींच दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव का माहौल हो गया। लाठी-डंडे भी निकल आए और धक्का मुक्की होने लगा। समाचार लिखे जाने तक सगमा बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है। बावजूद इसके अभी तक कोई भी प्रशासनिक पदाधिकारी वहां नहीं पहुंचे थे।