आरक्षण को ले वैश्य मोर्चा ने निकाली रैली
रंका : पिछड़ों को 27 प्रतिशत तथा दलितों को 14 फीसद आरक्षण देने की मांग को लेकर शुक्रवार को रंका में झारखंड वैश्य संघर्ष मोर्चा द्वारा रैली निकाली गई। मोर्चा कार्यकर्ता हाथों में तख्ती लेकर नारे लगाते हुए प्रखंड कार्यालय के समीप पहुंचे। यहां रैली सभा में तब्दील हो गई। रैली के पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा गया। इसमें ओबीसी को 27 प्रतिशत एवं दलितो को 14 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की गई है।
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड वैश्य संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय महासचिव राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि राज्य में पिछड़ों एवं दलितों के साथ अन्याय होता आ रहा है। यहां 52 फीसद आबादी पिछड़े वर्ग की है। मगर उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में ओबीसी को 27 फीसद तथा दलितों को 14 फीसद आरक्षण दिया जा रहा है। मगर झारखंड में सरकार द्वारा इन्हें इससे वंचित रखा गया है। सरकार जल्द से जल्द ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दें, अन्यथा मोर्चा द्वारा आंदोलन को तेज किया जाएगा। सभा को जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, रंका कला की मुखिया महिमा गुप्ता, शशि सोनी, रितेश मधेशिया, श्रवण सोनी, संजय गुप्ता, रामू सोनी, बनारसी सोनी, शिशुपाल गुप्ता, अजय गुप्ता, राजू गुप्ता आदि ने संबोधित किया। जबकि मौके पर दिनेश प्रसाद बबलू, विश्वनाथ प्रसाद, सुनील साव, अशोक सोनी, उमेश प्रसाद, आनंद कुमार आदि उपस्थित थे।