लोगों की समस्या से रू-ब-रू हों कार्यकर्ता
हरिहरपुर : नवजवान संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने शनिवार को हरिहरपुर के प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाराम के आवास पर बैठक आयोजित कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उपस्थित कार्यकर्ताओं को कई निर्देश दिए। शाही ने कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र का भ्रमण कर जनता के बीच जाकर पार्टी की नीति सिद्धांतों के बारे में बताएं। साथ ही उनकी समस्याओं से अवगत हों। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक ने हरिहरपुर को प्रखंड बनाने के सवाल पर आज तक क्षेत्र की जनता को छलने का काम किया है। जबकि हरिहरपुर प्रखंड बनने की सभी अर्हता पूरी करता है। पिछले दिनों तीन नए प्रखंड का सृजन भी हुआ। उनमें से हरिहपुर को अलग कर दिया गया है। कवलदाग नदी पर डैम का सर्वे नहीं हुआ और विधायक काम शुरू हो जाने की बात कहते हैं। आने वाले समय में यहां की जनता विधायक को सबक सिखायेगी। इसके बाद शाही रपूरा निवासी लंट्टू सिंह और बतो खूर्द निवासी हीरानंद विश्वकर्मा की आकास्मिक मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इनके परिजनों ढाढस बंधाया। उन्होंने आगे भी सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। मौके पर मनोज पहाड़िया, अनिल चौबे, प्रकाश रमन, आनंद सिंह, बबलू सिंह, बाबूलाल यादव, संतोष सिंह, सुरेंद्र विश्वकर्मा, दीपू साव आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।