सरकार ने आदिम जनजातियों को छला है : विधायक
गढ़वा : गढ़वा जिला आदिम जनजाति विकास समिति के लोगों की सीधी नियुक्ति सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। धरना में शुक्रवार को विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पहुंचे। वे आदिम जनजाति की मांगों से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में आदिम जनजाति की मांगों को प्रमुखता से रखने का काम करुंगा। इनकी मागें पूरी होती है, तो मैं अपने आप को गौरवान्वित महसूस करुंगा। उन्होंने कहा कि झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आदिवासी हित की लड़ाई लड़ रहे थे। नतीजा रहा कि उनकी कुर्सी इस मुद्दे को लेकर चली गई। बाबूलाल मरांडी को छोड़कर किसी सरकार ने आदिम जनजाति की ओर ध्यान नहीं दिया। चार वर्ष पूर्व अपनी मांगों को लेकर समाहरणालय गढ़वा पहुंचे इन लोगों की पुलिस ने बर्बरता पूर्वक पिटाई करने काम किया था। उन्होंने कहा कि आदिवासी, मूलवासी की हित की बात करने वाले नेताओं ने ही इन्हें दर दर की ठोकर खाने के लिए छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि इनकी कई जनजाति विलुप्त होने के कगार पर है। मगर सरकार का कोई ध्यान नही है। मौके पर समिति जिलाध्यक्ष नन्हेश्वर कोरवा, राम सकल कोरवा, विवेकानंद तिवारी आदि उपस्थित थे।