विदेशी महिला को अश्लील मैसेज भेजने पर युवक हिरासत में
युवक ने फेसबुक पर फिनलैंड में रहने वाली उसकी महिला मित्र को भी अश्लील मैसेज भेजा।
जासं, दुमका। जिले के एक आश्रम में रहने वाली फिनलैंड की महिला व उसकी सहेली को सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में एक युवक को नगर थाना की पुलिस ने बुधवार की शाम हिरासत में लिया। युवक दुमका का ही रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आश्रम में रहने वाली महिला को पहले युवक ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा। महिला ने इसे स्वीकार नहीं किया तो युवक ने मैसेंजर पर जाकर अश्लील मैसेज, तस्वीर और कुछ वीडियो भेजे। युवक ने फेसबुक पर फिनलैंड में रहने वाली उसकी महिला मित्र को भी अश्लील मैसेज भेजा। महिला ने इसकी जानकारी दुमका में रहने वाली महिला मित्र को दी।
महिला ने नगर थाना जाकर थाना प्रभारी को सारी घटना बताई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर का कहना है कि युवक पढ़ा लिखा है और सारे मैसेज अंग्रेजी में भेजे हैं। अभी युवक से पूछताछ की जा रही है। वहीं युवक के परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है।