नहीं खुला विवि का ताला
दुमका : उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी शुक्रवार को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का ताला नहीं खु
दुमका : उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी शुक्रवार को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का ताला नहीं खुल सका। छह नवंबर को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय एवं एसपी कॉलेज में तालाबंद कर दिया। इससे विवि के कार्य प्रभावित है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू सह प्रभारी कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार झा ने उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा को पत्र लिख कर समुचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। पत्र में कहा गया कि उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासन व विवि प्रशासन को तालाबंदी समाप्त कराने का निर्देश दिया है। इस पत्र में तालाबंदी समाप्त होने के साथ कार्यरत पदाधिकारियों व कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग की गई है। विश्वविद्यालय के पदाधिकारी शुक्रवार को विवि के दिग्घी स्थित परिसर पहुंचे और घंटों जिला प्रशासन का इंतजार किया लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इधर, छात्र नेता श्याम देव हेम्ब्रम ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को अपनी मांगों की सूची पूर्व में ही उपलब्ध करा दी गई है। यदि विवि प्रशासन छात्र संघ को वार्ता के लिए बुलाता है और मांगी गई सूचना को वे भविष्य में देने का वादा करते हैं तो छात्र संघ ताला खोल देगा। इधर, कुलपति डॉ. कमर अहसन से इस बारे में कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन इस बावत कुछ बोलने से इन्कार किया।