नदी में गिरा पाइप, शहरी जलापूर्ति ठप
दुमका : तेज बारिश से गुरुवार की रात पुसारो नदी पर शहरी जलापूर्ति के लिए बिछाया गया पाइप खंभे ढह जाने
दुमका : तेज बारिश से गुरुवार की रात पुसारो नदी पर शहरी जलापूर्ति के लिए बिछाया गया पाइप खंभे ढह जाने की वजह से पूरी तरह से टूटकर नदी में गिर गया। इससे शहर के लोगों को अब सात दिन तक स्वच्छ जल नसीब नहीं होगा। तब तक नगर परिषद द्वारा दस टैंकर से जलापूर्ति की जाएगी।
कुरुवा से आने वाली पाइप लाइन के माध्यम से शहर के करीब पांच हजार घरों में पानी की आपूर्ति होती है। पुसारो नदी पार करने के लिए खंभों के सहारे पाइप बिछाया गया था। खंभों की हालत पहले से ही जर्जर थी। काम के दौरान भी अधिकारियों ने मरम्मत कराने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। देर रात हुई तेज बारिश के कारण करीब आधा दर्जन खंभे पानी का बहाव सह नहीं सके और गिर गए। जिससे उनके ऊपर रखा पाइप भी टूट जा पुसारो नदी में जा गिरा। इससे शहरी जलापूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मंगलपूर्ति का कहना है कि करीब एक सप्ताह तक आपूर्ति होना संभव नहीं दिख रहा है। दो जेसीबी की मदद से काम तो शुरू करा दिया गया है। परन्तु पाइप उठाने के लिए हाइड्रोलिक नहीं मिल रही है। बिना मशीन के पाइप उठाना संभव नहीं है। नदी में पानी कम होने के बाद ही फिर से खंभे बनाए जाएंगे। कहा कि ज्यादा दिन आपूर्ति बंद नहीं की जा सकती है। इसके लिए वैकल्पिक रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
टैंकर से होगी जलापूर्ति
शहर में नियमित जलापूर्ति के लिए झाविमो की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य पिंटू अग्रवाल ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार से टैंकर के माध्यम से आपूर्ति की मांग की। पदाधिकारी ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए कहा कि जब तक कुरुवा से आपूर्ति शुरू नहीं हो जाती तब तक नगर परिषद की ओर से शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन दस टैंकर के माध्यम लोगों के बीच पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कर्मियों को तैयार किया गया है।