जरूरतमंदों को ही मिले योजनाओं का लाभ : डॉ.लुईस
दुमका : समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने शनिवार को इंडोर स्टेडियम में समेकित जनजाति विकास अभिक
दुमका : समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने शनिवार को इंडोर स्टेडियम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण विभाग द्वारा कृषि यात्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आदिवासी किसानों के बीच कृषि उपकरण और 41.48 लाख रुपया अनुदान बांटा।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि विभाग का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है। उन्हें महसूस हो रहा है कि सिस्टम में जंग लगी है और व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां है। उन्होंने कहा कि भविष्य में लाभुकों की संख्या बढ़े इस पर ध्यान देने की जरुरत है।
डॉ. लुईस ने कहा कि चंद राजनीतिक दल के कार्यकर्ता व कुछेक चिन्हित चेहरों को ही योजनाओं का लाभ नहीं मिले इसका ध्यान रखा जाए। सरकार की योजनाएं वाजिब हकदारों तक सही तरीके से पहुंचना चाहिए। ऐसी कार्यशैली तैयार करने की आवश्यकता है जिसे आम लोगों को राहत मिले। लाभुक चयन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर बल दिया। कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की अगुवाई में सरकार समग्र विकास चाहती है। सरकार बुनियादी सुविधाएं बहाल करने में जुटी है। पेयजल एवं सिंचाई की समुचित व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिकता है। वर्ष 2017 तक घर-घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य सरकार ने तय किया है। सिंचाई के लिए जलस्रोतों का पता लगाया जा रहा है। कृषकों से मंत्री ने कहा कि संभव हो तो वे भी अपने आसपास मौजूद जलस्रोतों की जानकारी मुहैया कराएं। उन्होंने दुमका जिला के सभी 10 प्रखंडों से आए कृषकों के बीच 22 पावर टीलर, 65 डीजल पंप सेट, एक रोटावेटर, पांच सेल्फ प्रोपलेड पेडी ट्रांसपलांटर एवं दो फर्टिलाइजर ड्रील का वितरण किया।
इस मौके पर समेकित जनजाति विकास अभिकरण, दुमका के परियोजना निदेशक दशरथ चंद्र दास, विशिष्ट पहाड़िया कल्याण पदाधिकारी परमा प्रसाद सिंह समेत भाजपा के नगर अध्यक्ष मृणाल मिश्र, मनोज साह,अब्दुल फिरदौस समेत कई गण्यमान्य उपस्थित थे।