Move to Jagran APP

माफियाओं पर हेमंत सरकार का हाथ : प्रदीप

By Edited By: Published: Mon, 28 Jul 2014 07:12 PM (IST)Updated: Mon, 28 Jul 2014 07:12 PM (IST)
माफियाओं पर हेमंत सरकार का हाथ : प्रदीप

दुमका : झाविमो विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। संताल परगना में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। लेकिन सरकार एवं पुलिस प्रशासन को इसकी फिक्र नहीं। इस रवैये के खिलाफ ही हमें अनशन पर बैठने पड़ा।

loksabha election banner

बता दें कि बढ़ते अपराध के खिलाफ सोमवार से आयुक्त कार्यालय के समक्ष झाविमो विधायक बेमियादी अनशन पर बैठ गए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हत्या, नक्सली वारदात, लूट, भ्रष्टाचार आदि रोकने में असफल साबित हुई है। दिन पर दिन स्थिति खराब होती जा रही है। हाल ही में गोड्डा, देवघर और जामताड़ा में झाविमो कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गयी। लिखित शिकायत करने के बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री, डीजीपी और वरीय पुलिस अधिकारियों से गुहार लगायी गयी, लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ। राज्य सरकार कोयला, लोहा समेत अन्य माफियाओं को संरक्षण दे रही है। पुलिस और माफियाओं के साथ हेमंत सरकार की साठगांठ है। जिस कारण राज्य में अपराधियों का वर्चस्व है। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

इन मामलों में नहीं हुई कार्रवाई

प्रदीप यादव ने कहा कि गोड्डा के देवडाड थानान्तर्गत ग्राम चोरबाद निवासी अंजना देवी की अपहरण के बाद हत्या कर दी गयी। ढाई माह बाद भी आरोपी नहीं पकड़े गए। देवघर के जसीडीह थानान्तर्गत बसंतपुर की 16 वर्षीय वर्षा कुमारी की अपहरण कर हत्या कर दी गयी। अब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गयी। जामताड़ा के थाना बिन्दापाथर के ग्राम रागा सोला के भगवान मंडल की कोयला तस्करों द्वारा हत्या कर दी गयी। उसके हत्यारों को पुलिस आज तक खोज नहीं सकी है।

ये भी अनशन पर

विधायक के साथ अनशन पर बैठने वालों में निरोज कुमार मंडल, रजीत मंडल, सिमोल मराडी, केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य भोली गुप्ता, संतोष पासवान, विभा देवी, बलबीर राय, आदित्य मंडल व श्यामल मंडल शामिल हैं। अनशन स्थल पर परितोष सोरेन, छोटू मुर्मू, डॉ.अनिल मुर्मू, रमेश मुर्मू, धर्मेन्द्र सिंह बिट्टू, उपाध्यक्ष विवेकानंद राय, जमील अख्तर, मार्था हांसदा, अली इमाम, राजेश सिंह, पंकज मुर्मू आदि मौजूद थे।

अनशनस्थल पर पहुंच रहे पीड़ित

झाविमो के अनशन को समर्थन देने के लिए कई पीड़ित एवं उनके परिवार के सदस्य पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनशन की सूचना मिलने पर यौन शोषण की एक पीड़िता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विधायक को एक आवेदन देकर अपनी समस्या सुनायी। विधायक ने पीड़ित लड़की को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। बता दें कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी इस लड़की से उसके गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। अब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.