पत्नी को जिंदा जलाया, मौत
सरैयाहाट: सरैयाहाट थानान्तर्गत मंडलडीह गांव में गुरुवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने देवघर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने से पहले उसने पुलिस को दिए बयान में पति को दोषी ठहराया। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक की पहचान पुष्पा देवी (35) के रूप में हुई है। आरोपी प्रसादी मिस्त्री घटना के बाद से फरार है।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार चिख-पुकार सुन जब वे प्रसादी के घर पहुंचे तो देखा कि पुष्पा के शरीर में आग लगी है। किसी तरह बुझाकर उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख देवघर रेफर कर दिया। प्राथमिक इलाज नहीं करने से नाराज परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर शांत हुए और महिला को इलाज के लिए देवघर ले गए। वहां कुछ देर बार उसकी मौत हो गयी।
मृतका अखिल भारतीय कृषि एवं ग्रामीण मजदूर महासंघ की कार्यकर्ता थी। संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में जाती थी। उसका पति इसका विरोध करता था। इस बात पर अक्सर दोनों में झगड़ा होता था। बुधवार को भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। गुस्साए प्रसादी ने पुष्पा के शरीर पर किरासन तेल छिड़क आग लगा दी।