धनबाद में प्रेमिका को पहले चाकू से गोदा फिर पत्थर से कूचा
प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना झारखंड के धनबाद जिले की है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। चिरकुंडा थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी में गुरुवार रात 18 वर्षीय प्रेमी मनीष कुमार यादव ने अपनी हमउम्र प्रेमिका रुबी कुमारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में पत्थर से उसके चेहरे को भी कूच दिया। प्रेमी व प्रेमिका के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था पर लड़की के माता-पिता बेटी की शादी दूसरी जगह करना चाह रहे थे। इसी से नाराज होकर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी। चिरकुंडा पुलिस ने लड़की के शव तथा हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू व युवक का चप्पल बरामद कर लिया है। इस संबंध में लड़की के पिता ललन कुमार ने चिरकुंडा थाना में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस निरीक्षक निरंजन तिवारी के अनुसार लड़की के माता पिता ने उन्हें बताया है कि गुरुवार रात 11 बजे सारा परिवार खाना खाकर सो गया था। सुबह उठकर उन्होंने देखा तो लड़की घर में नहीं थी। लड़की के पिता ने देखा कि घर के बाहर दोनों का चप्पल पड़ा हुआ है। साथ ही कई जगह खून के धब्बे भी हैं। यह देख परिजन घबरा गए। बाद में लड़की के पिता ने इसकी सूचना चिरकुंडा पुलिस को दी। पुलिस ने युवक मनीष कुमार यादव व उसके पिता सुबल यादव को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पूछताछ में युवक ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
युवक ने पुलिस को बताया कि रात के करीब 12 बजे हत्या करने के बाद लड़की के शव को एक प्लास्टिक के बोरे में बंद कर बिना नंबर के मोपेड पर लादकर बराकर नदी के किनारे जंगल में फेंक दिया। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने बराकर नदी के किनारे स्थित जंगल से लड़की का शव, चाकू, पत्थर व लड़के का चप्पल बरामद किया।