सुर्ख जोड़े में बेटी का निकाह नहीं देख पाकर खूब रोया फहीम
यह फहीम गैंग्स आफ वासेपुर का सरगना फहीम नहीं था, जिसकी नजरों की तपिश से रेलवे का 'लोहा' पिघल जाता था। यह फहीम तो बेबस बाप था।
जागरण संवाददाता, धनबाद। यह फहीम गैंग्स आफ वासेपुर का सरगना फहीम नहीं था, जिसकी नजरों की तपिश से रेलवे का 'लोहा' पिघल जाता था। यह फहीम तो बेबस बाप था। जिंदगी के चढ़ते-उतरते हर रंग को जीने वाला फहीम खान सोमवार को कानून की रहमोकरम पर अपनी बेटी को ससुराल भेजने के लिए जेल से शामियाने तक पहुंचा था। कानूनी हुक्म के बाद भी बेबसी देखिए कि महज चंद घंटों में ही बिना बारात देखे ही उसे वापस अपनी जेल की दुनिया में लौटना पड़ा। अपने पीछे छोड़ गया बेटी के वह आंसू, जो बाबुल के घर से विदाई के वक्तउसकी आंखों से बहते, लेकिन ये आंसू रेलवे के आफिसर्स गेस्ट हाउस में बहे। धनबाद के रेलवे का गेस्ट हाउस, यहीं से फहीम की बेटी नूर फातिमा की बारात थी। फहीम खान जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद है और हत्या की वारदात में सजायाफ्ता है। अदालत और जेल प्रशासन से गुहार लगाने के बाद उन्हें पे-रोल पर अपनी जिंदगी के एक दिन को बेटी की शादी में खर्च करने की इजाजत मिली थी।
बेटी से से लिपट खूब रोए फहीम :
फहीम खान के आने के बाद उनकी बेटी नूर फातिमा और दामाद सैयद इमरान दोनों गेस्ट हाउस पहुंचे। फहीम बेटी से लिपट कर खूब रोए। उनकी पत्नी भी रोने लगी। पूरे परिवार के आंखों में आंसू आ गए। करीब दो घंटे बाद बेटी को यहां से ले जाया गया। करीब तीन बजे फहीम को पुलिस यहां से जमशेदपुर लेकर रवाना हो गई।
--------------------
शादी के पंडाल तक नहीं देख पाए फहीम :
भले ही फहीम खान को बेटी की शादी में शामिल होने की इजाजत मिलने के बाद भी वे लगभग जेल के कैदी की तरह की थे। गेस्ट हाउस के हॉल में उन्हें रखा गया था। गेस्ट हाउस कैंपस में मैदान पर शादी की तैयारियां चल रही थी। लेकिन इस बाप को बेटी का पंडाल देखना तक नसीब नहीं हुआ। न ही बेटी की बारात देखी और न ही निकाह में शामिल हो सके। हालांकि इस बात का मलाल उनके घर वालों को था, लेकिन प्रशासन की मर्जी का उनकी तरफ से कोई एतराज जुबान से बाहर नहीं आया। जाते-जाते बस इतना ही बोला कि जो हुआ, ठीक हुआ, जो होगा ठीक ही होगा।
----
डीएसपी के सामने ठेकेदारों को फटकार :
फहीम खान से मिलने के लिए घर वालों के अलावा नजदीकी रिश्तेदार भी पहुंचे थे। डीएसपी विधि व्यवस्था डीएन बंका भी सुरक्षा कारणों से गेस्ट हाउस में ड्यूटी संभाल रहे थे। फहीम खान के आने की खबर पाकर ठेकेदारों का भी जमघट वहां लगा था। एक-दो ठेकेदारों को फहीम की नाराजगी झेलनी पड़ी। डीएसपी के सामने ही फहीम ने ठेकेदारों को हड़काया।